LT – EN – EL – ES – IT – PT – PL – FR – DE – CS – HR – BG – RO – UA – CN – RUS – AR – GE
95 वर्षीय ससम्मान सेवानिवृत संत पापा बेनेडिक्ट १६वें प्रभु को प्यारे हो गये। उन्होंने शनिवार सुबह 9:34 बजे वाटिकन के मातेर एक्लेसिये मठ में अंतिम सांस ली।
उषा मनोरमा तिरकी- वाटिकन सिटी
वाटिकन प्रेस कार्यालय ने शोक समाचार की घोषणा करते हुए जानकारी दी कि संत पापा बेनेडिक्ट १६वें पिता के घर लौट गये। उनका निधन शनिवार सुबह 9:34 बजे वाटिकन के मातेर एक्लेसिए मठ में हुआ, जिसमें उन्होंने २०१३ में परमाध्यक्षीय पद से इस्तीफा देने के बाद रहने का निश्चय किया था।
प्रेस कार्यालय के निदेशक मात्तेओ ब्रूनी ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा, „बड़े दुःख के साथ मैं आप सभी को सूचित करता हूँ कि ससम्मान सेवानिवृत, संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें का आज सुबह 9:34 बजे वाटिकन के मातेर एक्लेसिए मठ में निधन हो गया। आगे की जानकारी जितनी जल्दी हो सके प्रदान की जाएगी।“
तबीयत बिगड़ने की खबर
पहले कई दिनों से ही, सेवानिवृत पोप के स्वास्थ्य की स्थिति बढ़ती उम्र के कारण खराब चल रही थी, जैसा कि प्रेस कार्यालय ने स्थिति के बारे अपने अपडेट में बताया था। 28 दिसंबर को वर्ष के अंतिम आमदर्शन के अंत में पोप फ्रांसिस ने स्वयं सार्वजनिक रूप से अपने पूर्वाधिकारी के बिगड़ते स्वास्थ्य के बारे में समाचार साझा किया था। पोप फ्राँसिस ने लोगों को ससम्मान सेवानिवृत संत पापा बेनेडिक्ट १६वें के लिए प्रार्थना करने हेतु आमंत्रित किया था, जो „बहुत बीमार“ थे, ताकि प्रभु उन्हें सांत्वना दें और „अंत तक कलीसिया के लिए अपने प्यार की गवाही में“ उनका समर्थन कर सकें। इस निमंत्रण के बाद, विश्वभर के धर्मगुरूओं एवं ख्रीस्तीय विश्वासियों ने उनके प्रति अपनी एकात्मता और निकटता व्यक्त करते हुए प्रार्थना की पहल की।
दफन क्रिया
अगले कुछ घंटों में परमधर्मपीठीय प्रेस कार्यालय अंत्येष्टि संस्कार की खबर देगा।
